देहरादून। शहर की मेधावी छात्रा वानिया गुप्ता ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉन्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी स्कूल से बारहवीं कक्षा (आईएससी बोर्ड) में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और शहर में खुशी का माहौल है।
वानिया गुप्ता शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। वानिया ने बताया कि उन्होंने समय-प्रबंधन और निरंतर अभ्यास को अपनी तैयारी का मुख्य आधार बनाया।
विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने वानिया की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनके अनुसार वानिया मेहनती, लगनशील और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा हैं।
वानिया के माता-पिता ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह उसकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि वानिया आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।
शहर के शिक्षाविदों और परिचितों ने वानिया को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
