20 साल बाद भी अधूरी सड़क, ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
थराली, संवाददाता।
चमोली जनपद के नारायणबगड़ विकासखंड अंतर्गत राजगढ़ी-कोठा मोटर मार्ग से कूनाड़ा स्कूल तिनाड़ी तक प्रस्तावित संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य दो दशक बाद भी अधूरा पड़ा है। सड़क पर अब तक डामरीकरण नहीं होने और संपर्क मार्ग पूरा न बनने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों तथा पूर्व सैनिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र सड़क निर्माण और डामरीकरण की मांग उठाई है।
ग्राम प्रधान कमला प्रसाद तथा ग्रामीण कैप्टन सुरेशा नंद पुरोहित ने बताया कि राजगढ़ी-कोठा मोटर मार्ग को वर्ष 2004 में स्वीकृति मिली थी और 2005 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन 20 वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि कूनाड़ा स्कूल तिनाड़ी तक सड़क जोड़ने का कार्य भी अधूरा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहती है। क्षेत्र में करीब 127 परिवार निवास करते हैं, जिनमें 50 से 60 सैनिक और पूर्व सैनिक परिवार शामिल हैं। बावजूद इसके सड़क सुविधा का अभाव आज भी बना हुआ है।
पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर दिक्कतें आती हैं। कई बार मरीजों को डंडी-कांडी के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी चमोली, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थराली तथा विधायक थराली को भी भेजी गई है।
